
Gyan Prakash Dubey
जल्दबाजी में हुई गलती: भाई ने सुरक्षित रखे थे जेवर-पैसे, महिला ने दे दी चोरी की सूचना
बस्ती। 21 सितम्बर 2025।
सोनहा थाना क्षेत्र के करीमनगर गाँव में शनिवार को एक महिला द्वारा दी गई चोरी की सूचना ने पुलिस को अलर्ट कर दिया। दरअसल, अर्चना शर्मा पत्नी स्व. दीपचन्द्र ने डायल-112 पर कॉल कर जेवर और नकदी चोरी होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सोनहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और छानबीन शुरू की।
पूछताछ के दौरान अर्चना शर्मा ने बताया कि 18 सितम्बर को उनके भतीजे का जन्मदिन था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने जेवर और नकदी अपने कमरे में रख दिए थे। अगले दिन सुबह जब उन्होंने सामान गायब देखा तो घबराकर तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
थोड़ी देर बाद उनका भाई आकाश घर लौटा और स्थिति स्पष्ट हुई। उसने बताया कि कार्यक्रम की भीड़भाड़ के बीच उसने ही जेवर और नकदी को सुरक्षित अलमारी में रख दिया था। बाद में उसने सारा सामान बहन को लौटा दिया।
गलतफहमी दूर होने के बाद अर्चना शर्मा ने पुलिस को लिखित रूप में दिया कि अब किसी प्रकार की कार्यवाही की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि जल्दबाजी और घबराहट में उन्होंने चोरी की गलत सूचना दे दी थी।
NGV PRAKASH NEWS


