Gyan Prakash Dubey




बस्ती: मिशन शक्ति अभियान के तहत रुधौली पुलिस ने पिंक शिकायत पेटिका का किया शुभारंभ
बस्ती, 28 सितम्बर 2025।
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए कई पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में आज थाना रुधौली पुलिस द्वारा पिंक शिकायत पेटिका का शुभारंभ किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने मिशन शक्ति केंद्र टीम के साथ प्रैंक्सिस विद्यालय में यह पहल शुरू की। इस दौरान हेड कांस्टेबल दीपक गोविंद राव, कांस्टेबल अनुभव, कांस्टेबल वेद प्रकाश पांडेय, महिला कांस्टेबल गोल्डी मौर्य और सावित्री मौजूद रहीं। विद्यालय के प्रबंधक सुशांत पांडेय, प्रधानाचार्य पंकज पांडेय, चंद्र प्रकाश पांडेय सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पिंक शिकायत पेटिका की विशेषता यह है कि कोई भी महिला या बच्ची बिना नाम-पते का खुलासा किए अपनी शिकायत इसमें डाल सकेगी। पेटिका की एक चाबी प्रधानाचार्य और दूसरी थाना प्रभारी के पास रहेगी। हर सप्ताह दोनों की मौजूदगी में पेटिका खोली जाएगी और प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई होगी। शिकायतकर्ताओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस व्यवस्था को जिले के अन्य विद्यालयों, कॉलेजों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर भी लागू किया जाएगा।
जिलेभर में चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम
जिले के अन्य थानों द्वारा भी मिशन शक्ति अभियान के तहत व्यापक स्तर पर चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए—
- कप्तानगंज पुलिस ने दुबौला चौकी क्षेत्र के ग्राम मदनपुरा में दुर्गा पूजा पंडाल में महिलाओं को नारी सुरक्षा व सम्मान की जानकारी दी और पंपलेट वितरित किए।
- थाना सोनहा पुलिस टीम ने माता मंदिर बैड़वा के पास चौपाल लगाकर महिलाओं को साइबर क्राइम और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
- थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने ग्राम पचौरा मंदिर में महिलाओं व बालिकाओं को एंटी रोमियो टीम और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
- दुबौलिया पुलिस ने ग्राम सुबरहा में कामकाजी महिलाओं से संवाद कर उन्हें सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया।
- कलवारी पुलिस ने नगर पंचायत गयघाट में चौपाल लगाकर नारी सशक्तिकरण से जुड़े कानूनों की जानकारी दी और महिलाओं से अपराधों के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की।
- नगर, कोतवाली, परसरामपुर, गौर, वाल्टरगंज और मुंडेरवा पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल लगाकर हेल्पलाइन नंबर, साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।
क्षेत्राधिकारी सदर का निरीक्षण
क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने थाना पुरानी बस्ती के मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान थानाध्यक्ष महेश सिंह मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अभियान को और सक्रिय रूप से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र पर आई महिलाओं को उनके अधिकारों और पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने पुरानी बस्ती में पैदल गश्त भी की।
मिशन शक्ति अभियान के इन प्रयासों से जिले की महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
——
✍️ NGV PRAKASH NEWS
