नवागत जिलाधिकारी अनुज मलिक ने संभाला कार्यभार,कहा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

नवागत जिलाधिकारी अनुज मलिक ने संत कबीर नगर में संभाला कार्यभार, जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता

संत कबीर नगर, 23 सितंबर 2026।

संत कबीर नगर की नवागत जिलाधिकारी अनुज मलिक ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर डबल लॉक में आवश्यक अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए और जिलाधिकारी संत कबीर नगर के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी तथा वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल उपस्थित रहे।

2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं अनुज मलिक

नवागत जिलाधिकारी अनुज मलिक 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वह गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तथा कुशीनगर की मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, उप जिलाधिकारीगण, सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया और पुष्पगुच्छ भेंट किया।

जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन प्राथमिकता

जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट कक्ष में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए शासन की नीतियों और विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जिम्मेदारीपूर्ण रवैये और बेहतर समन्वय की अपेक्षा जताई।

बैठक में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी और कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *