Gyan Prakash Dubey


बस्ती में नकली नोटों की बड़ी बरामदगी, चार आरोपी गिरफ्तार
बस्ती, 29 सितंबर 2025।
बस्ती जिले की पुलिस ने नकली नोटों के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना छावनी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार सुबह मछली मंडी विक्रमजोत से चार अंतरजनपदीय अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 लाख रुपये के नकली नोट, 10 मोबाइल फोन और एक कार बरामद की।
एडिशनल एसपी श्याम कांत ने क्षेत्राधिकारी हर्रैया संजय सिंह की मौजूदगी में बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे दबिश देकर इन अपराधियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में अनुप कुमार सिंह उर्फ बब्बू (गोंडा), ओमकार उर्फ बब्बू (बस्ती), राजकुमार गुप्ता और शिव कुमार कन्नौजिया (दोनों संतकबीर नगर) शामिल हैं। उनका एक अन्य साथी मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने मौके से 30 गड्डियां पांच-पांच सौ रुपये के नकली नोटों की बरामद कीं, जिनकी कुल कीमत 15 लाख रुपये है। साथ ही एक काला बैग, 10 मोबाइल फोन और मारुति वैगनार कार (UP 32 PY 1181) भी जब्त की गई। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बैंक से पैसे निकालकर लौटने वाले लोगों को दोगुना-तीन गुना रकम देने का लालच देकर नकली नोट थमा देते थे। गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोट लगाए जाते थे, ताकि कोई शक न कर सके। पकड़े गए अपराधी लंबे समय से बस्ती, अयोध्या, अंबेडकर नगर और संतकबीर नगर जिलों में सक्रिय थे।
इस सफल कार्रवाई में थाना छावनी के थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, प्रभारी सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक शशिकांत, चौकी प्रभारी विक्रमजोत उपनिरीक्षक शशि शेखर सिंह, उपनिरीक्षक चंदन कुमार, उपनिरीक्षक शोभा यादव, हेड कांस्टेबल रमेश यादव, हेड कांस्टेबल अभय उपाध्याय, कांस्टेबल चंदन भारती, शिवम यादव, हेड कांस्टेबल विक्रांत, हेड कांस्टेबल ओमवीर, कांस्टेबल अखिलेश, चंदन यादव, मुकेश यादव, धनवंत गुप्ता, हेड कांस्टेबल देवेश यादव और कांस्टेबल संतोष यादव शामिल रहे।
एडिशनल एसपी श्याम कांत ने बताया कि नकली नोटों के इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने 25,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
NGV PRAKASH NEWS




