Gyan Prakash Dubey


बस्ती, 05 अक्टूबर 2025
थाना छावनी पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकबजनी/चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से फ्लिपकार्ट एजेंसी के वेयरहाउस में चोरी की गई पूरी धनराशि — ₹4,29,850 नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह मामला 29 सितंबर को थाना छावनी क्षेत्र के खतमसराय स्थित फ्लिपकार्ट एजेंसी के गोदाम में हुई चोरी से जुड़ा है, जिसकी रिपोर्ट धारा 305(ए) व 331(4) BNS के तहत दर्ज की गई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि चोरी की इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी विपुल सिंह पुत्र सत्यानारायण सिंह, निवासी ग्राम गौरियानैन, थाना छावनी, जनपद बस्ती को 05 अक्टूबर की सुबह करीब 10:34 बजे संदलपुर चकमार्ग पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से चोरी की पूरी नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पहले फ्लिपकार्ट एजेंसी में नौकरी करता था और उसे गोदाम की संरचना व सुरक्षा प्रणाली की पूरी जानकारी थी। नौकरी छोड़ने के बाद भी उसके पास गोदाम की एक चाबी मौजूद थी। इसी का फायदा उठाते हुए उसने 29 सितंबर की रात करीब 3 बजे सटर खोलकर लॉकर में रखी रकम चोरी कर ली और उसे संदलपुर गांव के पास एक धान के खेत में हरे रंग की पन्नी में छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मौके से पूरी राशि बरामद कर ली।
इस सफलता के बाद थाना छावनी पुलिस ने दर्ज मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की है और आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को ₹25,000 के इनाम की घोषणा की है।
गिरफ्तारी में थाना छावनी प्रभारी जनार्दन प्रसाद, प्रभारी सर्विलांस सेल शेषनाथ यादव, उपनिरीक्षक शशिशेखर सिंह, हेड कांस्टेबल विक्रान्त यादव, राधेश्याम, कांस्टेबल अखिलेश सिंह, दिनेश यादव, संतोष यादव व दीपक की विशेष भूमिका रही।
इस सफल कार्रवाई से न केवल चोरी की वारदात का खुलासा हुआ, बल्कि पुलिस ने पूरी धनराशि भी बरामद कर अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है।
— NGV PRAKASH NEWS




