GYAN PRAKASH DUBEY


बस्ती, 05 अक्टूबर 2025
लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर गांव में रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 26 वर्षीय विवाहिता की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतका के पिता ने दहेज और प्रॉपर्टी विवाद के चलते ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए लालगंज थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, संतकबीर नगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के खरवनिया गांव निवासी दिलीपचंद मणि ने करीब दो वर्ष पहले अपनी बेटी अदिति की शादी बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर निवासी सुनील पांडेय पुत्र कपिलदेव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। रविवार की सुबह अदिति की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सुबह लगभग 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता दिलीपचंद मणि ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। हाल ही में प्रॉपर्टी को लेकर भी विवाद हुआ था। उन्हें आशंका है कि इन्हीं कारणों से उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
— NGV PRAKASH NEWS




