NGV PRAKASH NEWS


नोएडा में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग गैंग का भंडाफोड़, युवती समेत 9 गिरफ्तार — 40 लाख की मांग पर रचा गया था पूरा षड्यंत्र
नोएडा। थाना कुंडली पुलिस और स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 की संयुक्त कार्रवाई में एक ऐसे हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग गैंग का पर्दाफाश किया गया है, जो प्रेमजाल में फंसाकर युवकों से भारी रकम वसूलने का काम कर रहा था। पुलिस ने गैंग की सरगना युवती समेत उसकी मां, बहनों, भाई, सहयोगियों और दो वकीलों सहित कुल नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गैंग ने एक कंपनी में काम करने वाले युवक को फंसाकर 40 लाख रुपये हड़पने की साजिश रची थी।
डीसीपी प्रबीना पी. के अनुसार, कुंडली के एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दोस्ती दिल्ली के नरेला की रहने वाली शिवानी से वर्ष 2019 में एक कंपनी में साथ काम करने के दौरान हुई थी। दोनों के बीच आपसी सहमति से संबंध बने। बाद में युवक को पता चला कि शिवानी किसी और युवक से भी मिलती है, जिसके बाद उसने दूरी बना ली। इसी बीच उसकी शादी तय हो गई।
शादी की खबर लगने पर शिवानी ने दबाव बनाने के लिए युवक पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाते हुए नरेला थाने में शिकायत दर्ज करवा दी। समाज में बदनामी और शादी टूटने के डर से युवक ने समझौता कर लिया। वर्ष 2020 से वह हर महीने उसे 10–12 हजार रुपये देता आ रहा था। शिवानी ने अपने साथी अभिषेक के खाते में चार बार 50–50 हजार रुपये भी ट्रांसफर करवाए।
40 लाख रुपये ऐंठने की साजिश
लालच में आकर शिवानी ने अपने परिजनों और दोस्तों के साथ मिलकर युवक को झूठे मुकदमे और जान से मारने की धमकी देकर 40 लाख रुपये हड़पने की योजना बनाई। उसने युवक को व्हाट्सएप कॉल कर मिलने के लिए दबाव बनाया। बहालगढ़ में मुलाकात के दौरान शिवानी अपनी मां, बहन और साथी अभिषेक के साथ पहुंची और 40 लाख रुपये की मांग की। धमकी दी गई कि रकम न देने पर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। युवक ने पूरी बातचीत की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग कर पुलिस को सौंप दी।
ट्रैप लगाकर गिरफ्तारी
कुंडली थाना पुलिस ने योजना बनाते हुए 4 अक्टूबर को मुरथल क्षेत्र में ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एचएसवीपी संपदा अधिकारी सिद्धार्थ की मौजूदगी में ट्रैप बिछाया। तय समय पर शिवानी अपनी मां रेखा, बहन तान्या, भाई तरुण, सिंघु बॉर्डर की नंदिनी चौहान, नरेला के साहिल और शुभम, रोहिणी के वकील यतेंद्र और आशीष तथा नरेला के अभिषेक के साथ दो गाड़ियों में पहुंची। 40 लाख रुपये लेते ही पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और रकम बरामद कर ली।
हालांकि अभिषेक एक गाड़ी सहित फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपितों से नौ मोबाइल फोन और एक गाड़ी जब्त की है। सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
📝 NGV PRAKASH NEWS




