

NGV PRAKASH NEWS
अयोध्या में भीषण विस्फोट से मकान ध्वस्त, दो बच्चों सहित पांच की मौत
दो अन्य के दबे होने की आशंका, प्रशासन व पुलिस मौके पर राहत कार्य में जुटी
अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पगलाभारी गांव में गुरुवार की शाम एक घर में भीषण विस्फोट हुआ, जिससे पूरा मकान पलभर में धराशायी हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मकान के मालिक रामकुमार गुप्त के घर में यह हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। बताया गया कि मकान में मौजूद दो बच्चों समेत कुल पांच लोग विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. आशीष पाठक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित पुलिस-प्रशासन की टीमें पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य में जुट गईं। ग्रामीणों ने बताया कि मलबे के नीचे रामकुमार की पत्नी और एक श्रमिक के दबे होने की आशंका है। दोनों की तलाश में जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का कार्य जारी है।
गौरतलब है कि इसी मकान में बीते वर्ष 13 अप्रैल को भी विस्फोट हुआ था, जिसमें रामकुमार गुप्त की माता शिवपती, पत्नी बिंदु और एक बच्चे की मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद उन्होंने अपनी साली से विवाह कर गांव के बाहर नया मकान बनवाया था और वहीं रहने लगे थे।
वर्तमान विस्फोट के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
NGV PRAKASH NEWS




