NGV PRAKASH NEWS


मुरादाबाद, 14 अक्टूबर 2025
मुरादाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शादी में बाधा बन रही भाभी से नाराज देवर ने उस पर थिनर डालकर आग लगा दी। भाभी जलती हालत में देवर से लिपट गई, जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गए। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
🔸 क्या है पूरा मामला?
यह घटना थाना मझोला क्षेत्र के गांव रसूलपुर सुनवाती की है। यहां गंगाराम अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार के सदस्य खेती और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। उनके दो मकान हैं—एक में बड़ा बेटा नरेंद्र, बहू सुनीता और पोता रहते थे, जबकि दूसरे में छोटा बेटा प्रवीण पिता और भाई के साथ रहता था।
घटना के समय प्रवीण अपने घर पर था। इसी दौरान उसकी भाभी सुनीता वहां से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। गुस्से में प्रवीण ने भाभी को अपने नए घर में ले जाकर वहां रखी पांच लीटर थिनर की केन उस पर उड़ेल दी और आग लगा दी। जलते हुए सुनीता ने प्रवीण को पकड़ लिया और दोनों झुलस गए। परिजन आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
🔸 मृतक प्रवीण की मां का बयान
प्रवीण की मां ने बताया कि घटना के समय वह रिश्तेदारी में एक मौत के कार्यक्रम में गई हुई थीं। उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले प्रवीण का रिश्ता तय हुआ था, लेकिन उस समय भाभी सुनीता नहीं आई थीं और उन्होंने कहा था कि जब तक प्रवीण उनके पैर नहीं छुएगा, तब तक वह नहीं आएंगी। प्रवीण ने ऐसा करने से मना कर दिया था। हालांकि इसके बाद मामला शांत चल रहा था और फरवरी में उसकी शादी होनी थी।
🔸 मृतक प्रवीण के भाई का बयान
मृतका के पति और प्रवीण के बड़े भाई नरेंद्र ने बताया कि प्रवीण नशे की लत में था। हाल ही में उसे उसके हिस्से के छह लाख रुपये मिले थे, जिसके बाद उसकी नशे की आदत और बढ़ गई थी। वह कुछ कमाता नहीं था और सुनीता उसे रोकती-टोकती थी, जिससे वह नाराज रहता था।
🔸 पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मृतका के पति नरेंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि प्रवीण अपनी शादी में भाभी को बाधक मान रहा था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों को एकत्र कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👉 NGV PRAKASH NEWS




