NGV PRAKASH NEWS


आजमगढ़ में सनसनी: दूध बेचने जा रहे व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत का माहौल
आजमगढ़ 28 अक्टूबर 25।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ढकवा–मंझरिया मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक दूधिया की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना सुबह करीब सवा ग्यारह बजे की बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पियरोपुर गांव निवासी पतिराज (52 वर्ष) पुत्र झिनकू रोज की तरह सोमवार को भी बाइक से दूध बेचने के लिए मुबारकपुर की ओर जा रहे थे। जब वह ढकवा–मंझरिया मार्ग के बीच पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली उनके सिर में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। खबर मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पांडेय दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।.
कुछ ही देर में पुलिस अधीक्षक और पुलिस उप महानिरीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन इस घटना से पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि मृतक पतिराज तीन पुत्रों और दो पुत्रियों के पिता थे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
(NGV PRAKASH NEWS)




