डॉ.नें नर्स से कहा तुम चलो या किसी लड़की की व्यवस्था कर दो पैसे दूंगा..

NGV PRAKASH NEWS

सुल्तानपुर में सरकारी डॉक्टर का आपत्तिजनक ऑडियो वायरल, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप — जांच टीम गठित

सुल्तानपुर, 31 अक्टूबर 2025 | उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक सरकारी डॉक्टर और महिला स्वास्थ्यकर्मी का आपत्तिजनक ऑडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला लंभुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से जुड़ा है, जहां के तत्कालीन चिकित्साधीक्षक डॉ. अनिल कुमार महिला स्वास्थ्यकर्मी से फोन पर अनुचित बातें करते हुए सुने जा रहे हैं।

वायरल ऑडियो में डॉक्टर महिला से मिलने, साथ घूमने और शॉपिंग कराने जैसी बातें कर रहे हैं। यहां तक कि वह महिला से प्यार का इज़हार करते हुए कहते हैं कि वह तीन महीने से घर नहीं गए हैं और उनका मूड खराब है। जब महिला ने इन बातों का विरोध किया, तो डॉक्टर ने उसे दूसरी लड़की लाने का प्रस्ताव दिया और कहा कि जो भी खर्च होगा, वह खुद उठाएंगे। महिला ने इस प्रस्ताव को सख्ती से ठुकराते हुए नौकरी छोड़ने तक की बात कही।

महिला स्वास्थ्यकर्मी ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. भरत भूषण से की है। शिकायत के बाद सीएमओ ने तत्काल जांच टीम गठित कर दी है और बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान के आधार पर नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि डॉ. अनिल कुमार को 13 अक्टूबर को लंभुआ CHC से कादीपुर स्थानांतरित किया गया था। यह तब हुआ था जब लंभुआ स्वास्थ्य केंद्र में इलाज में लापरवाही के कारण एक महिला की मौत हो गई थी और डॉक्टर घटना के बाद मौके पर नहीं पहुंचे थे। हाल ही में उन्होंने कादीपुर में कार्यभार ग्रहण किया था।

वर्तमान में जांच टीम मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, ऑडियो की सत्यता की पुष्टि के बाद डॉक्टर के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *