NGV PRAKASH NEWS


मासूम बच्चियों का अपहरण और दुष्कर्म करने वाला दरिंदा सलमान उर्फ सल्लू गिरफ्तार — सहारनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सहारनपुर, 31 अक्टूबर 2025 |
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में मासूम बच्चियों को अपना शिकार बनाने वाला कुख्यात आरोपी सलमान उर्फ सल्लू आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर एक सप्ताह के भीतर दस वर्ष से कम उम्र की तीन बच्चियों के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप है, जिससे पूरे मिर्जापुर थाना क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सलमान शाम के समय टिपटॉप कपड़ों में बाइक से निकलता था और विभिन्न मोहल्लों में खेल रही अकेली बच्चियों को बहला-फुसलाकर सुनसान जगहों पर ले जाता था। वहां वह उनके साथ दुष्कर्म कर उन्हें डराकर छोड़ देता था। बच्चियों के घर पहुंचने पर जब उन्होंने अपनी आपबीती बताई, तो परिवारजन सन्न रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी देहात सागर जैन के निर्देशन में पुलिस टीम ने 60 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी सलमान को मासूम बच्चियों को बाइक पर बैठाते हुए देखा गया। पुलिस ने तकनीकी और फिजिकल सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और शेरपुर पेलो रोड स्थित इकबाल ठेकेदार के बाग के पास खंडहर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी देहात ने बताया कि आरोपी 19 से 20 वर्ष की उम्र का है और बेहद चालाकी से वारदात को अंजाम देता था। उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं, मिशन शक्ति टीम ने तीनों बच्चियों की काउंसलिंग और चिकित्सकीय जांच कराई है। पुलिस का कहना है कि बच्चियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर है |
NGV PRAKASH NEWS




