सरदार पटेल की जयंती पर जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने दिलाई एकता की शपथ..

Gyan Prakash Dubey

राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष सरदार पटेल को दी गई श्रद्धांजलि — जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने दिलाई एकता की शपथ

बस्ती, 31 अक्टूबर 2025 |
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘‘राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा— “मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेती हूं कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगी और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भरसक प्रयास करूंगी। मैं यह शपथ देश की एकता की उस भावना से ले रही हूं, जिसे सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी अपना योगदान देने का सत्यनिष्ठा से संकल्प लेती हूं।”

जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सरदार पटेल का योगदान अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने जिस दृष्टि, दृढ़ता और राष्ट्रप्रेम से देश की 562 रियासतों का एकीकरण किया, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। आज के दिन हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश की अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए — यही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी, रश्मि यादव सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *