भीषण सड़क हादसे में 15 लोग की मौत..

NGV PRAKASH NEWS

🚌 राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: फलोदी में खड़े ट्रेलर से बस टकराई, 15 श्रद्धालुओं की मौत — 3 गंभीर घायल

जयपुर, 3 नवंबर 2025 |
राजस्थान के फलोदी जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जयपुर से लगभग 400 किलोमीटर दूर मतोड़ा क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी बस खड़े ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बस में सवार यात्री बीकानेर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोलायत के दर्शन करके जोधपुर के पर्यटन स्थल सूरसागर लौट रहे थे। हादसा सुबह के वक्त हुआ, जब सड़क पर घना कोहरा और दृश्यता कम थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक टक्कर की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं की है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया शोक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा —
“फलोदी के मतोड़ा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।”

घायलों के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर
जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश पासवान ने बताया कि हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल इलाज के लिए जोधपुर लाया जा रहा है। इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है ताकि एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के अस्पताल पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी तरह से घायलों की जान बचाई जा सके।

अशोक गहलोत ने भी जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा —
“फलोदी के मतोड़ा में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि मृतकों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”

हाल ही में जैसलमेर में भीषण बस हादसा
गौरतलब है कि बीते महीने जैसलमेर में एक स्लीपर बस में आग लगने से 26 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे का कारण बस के एसी में शॉर्ट सर्किट बताया गया था। उस घटना के बाद से परिवहन विभाग ने अवैध संशोधन और परमिट मानदंडों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई का अभियान शुरू किया था।

फलोदी का यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं और भारी वाहनों की पार्किंग नियमों पर सवाल खड़े कर गया है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *