⏩⏩⏩⏩⏩⏩⏩⏩⏩⏩


अंबेडकरनगर, 05 नवम्बर 2025 | NGV PRAKASH NEWS
अंबेडकरनगर जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। अकबरपुर डिपो की रोडवेज बस में चलते-चलते अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसा अकबरपुर-बसखारी मार्ग पर कुर्की बाजार और बरियावन बाजार के बीच आदिपुर गांव के पास हुआ। चालक रामपाल यादव और महिला परिचालक पुष्पा की तत्परता से सभी नौ यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
जानकारी के मुताबिक अकबरपुर डिपो की बस (UP-45-T-5697) आजमगढ़ से यात्रियों को लेकर अकबरपुर लौट रही थी। दोपहर करीब 2:10 बजे बस आदिपुर गांव के पास पहुंची ही थी कि अचानक “खट” की आवाज के साथ धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका, और परिचालक ने सवारियों को सुरक्षित नीचे उतारा। कुछ ही देर में बस में आग की लपटें भड़क उठीं। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित निकल आए, लेकिन उनका कुछ सामान बस में ही जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने बस में आग लगते देख चालक को सतर्क किया। कई यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर 112 पुलिस टीम और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीओ सदर नीतिश तिवारी ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और आग पूरी तरह बुझा दी गई है।
अकबरपुर डिपो के क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक कुंवर हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट पाया गया है। बस वर्ष 2016 में पंजीकृत हुई थी और नौ वर्ष में नौ लाख किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर चुकी थी। अब यह बस अपनी निर्धारित आयु पूरी करने के बाद नीलामी की कगार पर थी।
सौभाग्य से चालक और परिचालक की सूझबूझ से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने परिवहन निगम की बसों की तकनीकी जांच और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
NGV PRAKASH NEWS




