मत्स्य संपदा को बढ़ावा देने के लिए अमहट घाट में डाले गए दो लाख मछलियों के बीज — मंत्री संजय निषाद बोले, रोजगार और पोषण दोनों को मिलेगा बल

Gyan Prakash Dubey.

बस्ती, 05 नवम्बर 2025 | NGV PRAKASH NEWS

उत्तर प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय कुमार निषाद ने बुधवार को जनपद बस्ती के अमहट घाट पर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत रिवर रैंचिंग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कुआंनो नदी में रोहू, नैन और भाकुर प्रजाति की करीब दो लाख मछलियों का बीज छोड़ा। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल मत्स्य उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मंत्री संजय निषाद ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में नदियों में मछलियों की संख्या बढ़ाने और विलुप्त होती प्रजातियों के संरक्षण के लिए यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मछलियां जलीय प्रदूषण रोकने में सहायक होती हैं और यह पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि मछुआ समुदाय के लिए सरकार कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मछुआ समुदाय को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी, मत्स्य पालक कल्याण कोष, सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड योजना जैसी योजनाएं विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, जिनका लाभ पात्र आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर प्राप्त कर सकते हैं।

सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालकों को तालाब पट्टा, मत्स्य बीज वितरण, जैव फ्लॉक तकनीक और मत्स्य प्रशिक्षण जैसी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

मीडिया से बातचीत में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि “आज अमहट घाट पर कुआंनो नदी में दो लाख मछलियों का बीज डाला गया है। इससे मत्स्य उत्पादन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को रोज़गार मिलेगा।” बिहार चुनाव पर उन्होंने कहा कि “निषाद समाज चट्टान की तरह योगी-मोदी और एनडीए के साथ खड़ा है।” उन्होंने यह भी कहा कि “राहुल गांधी अब वही मछलियां पकड़ रहे हैं जो हम डाल रहे हैं। उन्होंने कभी अपने शासन में मछुआरों के लिए कुछ नहीं किया।”

पॉलीथीन बैन के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में आगे काम कर रही है और जल्द ही इसे ‘हाईटेक वैकल्पिक व्यवस्था’ के रूप में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में निषाद समुदाय को शिक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर काम हुआ है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बसपा सभी परिवारवाद की राजनीति में उलझी हैं, जबकि भाजपा राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए काम कर रही है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक, उप निदेशक मत्स्य डॉ. महेश कुमार चौहान, विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी भूपेंद्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य नंदकिशोर निषाद, मत्स्य निरीक्षक प्रह्लाद कुमार यादव, संदीप वर्मा, शशि प्रकाश, और अन्य विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *