NGV PRAKASH NEWS


बेटी को बीयर पिलाकर रेप के लिए मजबूर करती थी मां, प्रेमी संग 12 साल की बच्ची से दरिंदगी — केरल कोर्ट ने सुनाई 180 साल की सजा
केरल, 05 नवम्बर 2025 | NGV PRAKASH NEWS
केरल से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक मां ने अपनी ही 12 वर्षीय बेटी को बीयर पिलाकर अपने प्रेमी से बार-बार बलात्कार करवाया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले अपराध में केरल की एक विशेष POCSO कोर्ट ने महिला और उसके प्रेमी को 180 साल की सजा और 11.7 लाख रुपये जुर्माना भरने का आदेश दिया है।
अदालत ने पाया कि महिला ने न केवल अपनी बेटी के साथ हुए अत्याचार को बढ़ावा दिया, बल्कि कई बार उसे जबरन अपने सामने यौन उत्पीड़न देखने पर भी मजबूर किया। अदालत ने इसे पॉक्सो एक्ट, आईपीसी और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत सबसे घृणित अपराधों में से एक माना।
कैसे हुआ खुलासा
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 30 वर्षीय महिला पहले अपने पति और बेटी के साथ तिरुवनंतपुरम में रहती थी। वहीं, उसकी मुलाकात 33 वर्षीय आरोपी से फोन पर बातचीत के जरिए हुई थी। इसके बाद महिला आरोपी के साथ भाग गई और पलक्कड़ तथा मलप्पुरम जिलों में साथ रहने लगी। इस दौरान 12 साल की बच्ची भी उनके साथ थी।
अभियोजन ने बताया कि दिसंबर 2019 से नवंबर 2020 तक और फिर दिसंबर 2020 से अक्टूबर 2021 तक आरोपी ने बच्ची के साथ बार-बार यौन हिंसा की। इस दौरान मां ने आरोपी का साथ दिया और बच्ची को जबरन उसके सामने अत्याचार देखने को कहा। यही नहीं, उसने बच्ची को बीयर पिलाई और पोर्न वीडियो दिखाकर डराने-धमकाने का प्रयास किया।
डराने की साजिश और पुलिस तक पहुंच
रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने बच्ची को यह कहकर डराया था कि उसके दिमाग में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, और अगर उसने किसी को कुछ बताया तो सब पता चल जाएगा। मामला तब सामने आया जब महिला मलप्पुरम थाने पहुंची और अपने माता-पिता पर आधार कार्ड न देने का आरोप लगाया। बाद में पुलिस जब घर पहुंची तो पड़ोसियों ने बताया कि बच्ची की हालत खराब है और उसे ठीक से खाना भी नहीं दिया जा रहा।
इस सूचना के बाद चाइल्डलाइन टीम सक्रिय हुई और बच्ची को सुरक्षित निकालकर स्नेहिता सेंटर पहुंचाया गया। वहां बच्ची ने अपने साथ हुई पूरी दरिंदगी की जानकारी दी।
NGV PRAKASH NEWS
