NGV PRAKASH NEWS


लखनऊ में सातवीं की छात्रा से होटल में गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार — तीसरा फरार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक शर्मसार कर देने वाली वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ तीन युवकों ने होटल में दो दिनों तक गैंगरेप किया और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अब भी फरार है।
घटना सरोजनीनगर थाना क्षेत्र की है, जहां 15 वर्षीय छात्रा की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर विमल यादव नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच पिछले डेढ़ महीने से बातचीत चल रही थी। दो नवंबर की रात विमल ने छात्रा को मिलने के लिए बुलाया, जिस पर वह घर से चुपके से निकल गई।
छात्रा के अनुसार, विमल अपने दो साथियों पीयूष और शुभम के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में आया था। तीनों उसे मड़ियांव इलाके के एक होटल में ले गए, जहां विमल और पीयूष ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान शुभम ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को दो दिनों तक होटल में बंधक बनाए रखा और लगातार दरिंदगी की।
विरोध करने पर उसे पीटा गया और मंगलवार दोपहर कार से घर के पास छोड़ दिया गया। घर पहुंचने पर छात्रा ने पूरी बात अपनी मां को बताई, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने विमल यादव, पीयूष और शुभम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाना, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सरोजनीनगर थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि पीयूष और शुभम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी विमल की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि होटल से मिले सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डाटा के आधार पर जांच तेज की गई है। वहीं, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराते हुए उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया गया है।
— NGV PRAKASH NEWS




