चकदहा -तुरकौलिया जर्जर मार्ग के मरम्मत को लेकर भाजपा नेता और पूर्व प्रधान ने दिया डीएम को ज्ञापन..

Gyan Prakash Dubey

चकदहा–तुरकौलिया मार्ग की हालत खराब, भाजपा नेता व पूर्व प्रधान ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

बस्ती, 6 नवंबर 2025। कलवारी मंडल के ऐतिहासिक राम जानकी मार्ग पर स्थित चकदहा से तुरकौलिया गांव तक जाने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बरसात के मौसम में सड़क पर पानी और कीचड़ भर जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, इसी मार्ग से गुजरने वाले गन्ना क्रय केंद्र तक आने-जाने वाले ट्रक और ट्रॉलियां टूटी सड़कों को और भी क्षतिग्रस्त कर रही हैं।

सड़क के किनारे स्थित विद्यालयों में भी स्थिति चिंताजनक है। धूल और मिट्टी उड़कर स्कूल परिसर तक पहुंच जाती है, जिससे बच्चों के पठन-पाठन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यह मार्ग आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं।

इसी समस्या को लेकर भाजपा के कलवारी मंडल अध्यक्ष संजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी बस्ती को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि यह सड़क वर्षों से मरम्मत न होने के कारण बेहद खराब स्थिति में है और आम जनता के लिए असुविधा का कारण बनी हुई है।

ज्ञापन देने वालों में भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर मुन्ना, तुरकौलिया ग्रामसभा के पूर्व प्रधान सूर्य प्रकाश उर्फ पिंटू, तथा पंकज शुक्ला समेत कई स्थानीय नागरिक शामिल रहे।

यहां उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधान सूर्य प्रकाश उर्फ पिंटू इस मार्ग के निर्माण और सुधार के लिए लंबे समय से प्रयासरत हैं। स्थानीय जनता ने भाजपा कार्यकर्ताओं की इस पहल की सराहना की है और आशा जताई है कि प्रशासन जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करेगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *