फिर तड़ तड़ाई गोलियां और एक इनामी बदमाश हो गया ढ़ेर….

NGV PRAKASH NEWS

आजमगढ़। 07 नवंबर 2025।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। रौनापार थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी वाकिब को ढेर कर दिया गया। वाकिब पर हत्या, लूट और गौ तस्करी सहित 40 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार मारा गया अपराधी वाकिब लंबे समय से फरार चल रहा था। उसका आपराधिक नेटवर्क सिर्फ आजमगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि गोरखपुर, कुशीनगर, संत कबीर नगर और जौनपुर सहित कुल पांच जिलों में फैला हुआ था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह गौ तस्करी, हत्या, चोरी और लूट जैसे कई मामलों में वांछित था, जिसके चलते उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही रौनापार थाना क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने इलाके को घेरकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ के बाद अब वाकिब के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का लक्ष्य पूरे गैंग को खत्म करना और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *