Gyan Prakash Dubey




बस्ती में रातभर चला ट्रैफिक चेकिंग अभियान, 550 वाहनों की जांच; 50 का चालान, 15 जब्त
बस्ती,
09 नवंबर 2025
यातायात माह नवंबर 2025 के तहत बस्ती पुलिस द्वारा शहर में रातभर बड़े स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी और पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान की निगरानी क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने की।
यातायात पुलिस और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने 08/09 नवंबर की रात्रि को शहर के अलग-अलग स्थानों पर करीब 550 संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे वाहन चालक मिले जिनके पास आवश्यक कागजात मौजूद नहीं थे। नियमानुसार अभिलेख न मिलने पर 50 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर उल्लंघनों में 15 वाहनों को जब्त कर लिया गया।
यातायात माह के दौरान बस्ती पुलिस लगातार वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों के पालन के लिए सख्त कार्रवाई भी कर रही है। पुलिस ने साफ किया है कि बिना हेलमेट, बिना दस्तावेज और प्रतिबंधित गतिविधियों में लिप्त वाहनों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
NGV PRAKASH NEWS




