Gyan Prakash Dubey


खजुरिया गांव के पास पुआल में मिला महिला का शव, इलाके में मची सनसनी
बस्ती, 10 नवंबर 2025।
नगर थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव के पास सोमवार की सुबह सड़क किनारे पुआल के ढेर में एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने जब पुआल के नीचे मानव शरीर जैसी आकृति देखी तो पास जाकर जांच की और शव मिलने की पुष्टि होते ही पुलिस को सूचना दी। चंद ही मिनटों में मौके पर भीड़ जमा हो गई और माहौल सन्नाटे में बदल गया।
सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले घटनास्थल को घेराबंदी में लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शव लगभग 50 वर्षीया महिला का है, जिसकी पहचान दुबौलिया थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महिला पिछले चार वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और हाल ही में मायके आई हुई थी। मानसिक संतुलन बिगड़ने के कारण वह अक्सर घर से निकल जाती थी।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव यहां तक कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से मिले संभावित सुरागों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भय और आशंका का माहौल है, जबकि पुलिस का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष नगर विश्व मोहन राय ने बताया कि परिजनों के अनुसार महिला की दिमाग की हालत सही नहीं थी तथा वह अक्सर इधर-उधर चली जाती थी |
उन्होंने कहा कि मौत के कर्म की छानबीन की जा रही है |
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पर स्पष्टता मिल पाएगी। फिलहाल परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ जारी है।
NGV PRAKASH NEWS




