प्रेमिका के लिये पत्नी को दिया तलाक : प्रेम का इस तरह हुआ खौफनाक अंत..

NGV PRAKASH NEWS

झांसी में प्रेम संबंध के खौफनाक अंत ने दहला दिया शहर, MBA छात्रा को गोली मारकर युवक ने खुद को भी उड़ा लिया

झांसी, 10 नवंबर 2025।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के मुख्य गेट से करीब सौ मीटर दूर रविवार दोपहर सवा दो बजे हुए खौफनाक घटनाक्रम ने पूरे शहर को दहला दिया। गाड़ी चलाकर जीवनयापन करने वाला ललितपुर निवासी मनीष झांसी में MBA की छात्रा कृतिका से मिलने पहुंचा था। बातचीत के दौरान उसने अचानक कृतिका को तमंचे से गोली मार दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मारकर खत्म कर लिया। गोली चलने की आवाज से विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और राहगीरों की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि कृतिका की हालत नाजुक बनी हुई है।

2018 से शुरू हुआ प्रेम, 2024 में टूट गया रिश्ता
कृतिका और मनीष को जानने वाले दोस्तों के मुताबिक दोनों ललितपुर में एक साथ पढ़ते थे और एक ही मोहल्ले में रहने के कारण दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। साल 2018 से चल रहे प्रेम संबंधों के बीच 2024 में मनीष ने परिवार के दबाव में शादी कर ली। इसी के बाद कृतिका उससे दूर होने लगी। कृतिका के हट जाने से मनीष बेचैन रहने लगा। तीन महीने पहले उसने गांव में पंचायत बुलाकर अपनी पत्नी को तलाक दे दिया और दहेज एवं नकद राशि वापस लौटाकर रिश्ता खत्म कर लिया, लेकिन इसके बावजूद कृतिका उससे बात करने के लिए तैयार नहीं हुई। कृतिका ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक भी कर दिया था, जिसके बाद वह हॉस्टल के आसपास चक्कर लगाने लगा।

परिवार की त्रासदियों ने मानसिक तनाव को और बढ़ाया
मनीष के घर का हाल भी बेहद दर्दनाक रहा। छह साल पहले हुए सड़क हादसे में उसके पिता बिहारीलाल का एक हाथ खराब हो गया था, जबकि बड़े भाई महेंद्र की हालत बिगड़ने पर उसने फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार की जिम्मेदारी मनीष पर ही थी, लेकिन तनाव और रिश्ते के टूटने ने उसे भी मौत की राह पर ढकेल दिया।

परिजन रविवार देर शाम झांसी पहुंचे, लेकिन किसी से बातचीत करने को तैयार नहीं हुए। ललितपुर में भी उसके इस कदम से लोग हैरानी में हैं। दोस्तों ने सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाकर दुख जताया है।

हत्या की प्लानिंग कर आया था मनीष
घटनास्थल से पुलिस को मिले बैग में तमंचे के कारतूस बरामद हुए हैं, जिससे साफ है कि मनीष पूरी योजना बनाकर आया था। हॉस्टल सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि वह दो दिन पहले भी हॉस्टल में घुसने की कोशिश कर चुका था। रविवार को जब कृतिका उससे आखिरी बार मिलने के लिए राजी हुई, तो वह तमंचा लेकर पहुंच गया। पुलिस को मनीष के हाथ पर नसें काटने के सात पुराने निशान भी मिले।

कृतिका ने होश आने पर पुलिस को बताया कि मनीष ने बातचीत के दौरान कहा—“अपना सामान वापस ले लो।” इसके बाद उसने झुककर बैग खोला और अचानक गोली चला दी। पुलिस का कहना है कि कृतिका ने उससे संबंध पूरी तरह खत्म कर लिए थे और मिलने से भी इंकार कर रही थी। मनीष ने आखिरी बार मिलने की जिद करते हुए उसे राजी किया था।

झांसी और बीकेडी में प्रेम-त्रासदी की कड़वी यादें फिर ताज़ा
यह घटना झांसी में प्रेम संबंधों के कारण हुए खूनखराबे की चौथी बड़ी वारदात है।
– 2021 में बीकेडी कॉलेज में एक छात्र ने कक्षा में छात्र पर गोली चलाने के बाद कृतिका त्रिवेदी नाम की छात्रा की हत्या कर दी थी।
– 2002 में भी प्रेम प्रसंग में छात्रा के पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
– 24 जून 2024 को सीपरी बाजार इलाके में दुल्हन को मंडप से उठाकर प्रेमी ने गोली मार दी थी।

इन घटनाओं ने शहर को पहले भी झकझोरा था, और रविवार की घटना ने एक बार फिर वही भयावह यादें ताज़ा कर दीं।

कृतिका की सोशल मीडिया पहचान और सपने
कृतिका को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर रील बनाने का बेहद शौक था। वह कंटेंट क्रिएटर बनना चाहती थी और उसके सोशल मीडिया पर 9.6 हजार फॉलोवर थे। उसने राजनीति और सामाजिक विषयों पर कई वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें से तीन वीडियो लाखों बार देखे गए। परिवार चाहता था कि कृतिका पढ़ाई पर ध्यान दे, इसी वजह से उसे एमबीए करने झांसी भेजा गया था।

छात्र संगठन से जुड़ा था मनीष
मनीष कॉलेज जीवन के दौरान एक छात्र संगठन की नगर इकाई का अध्यक्ष भी रह चुका था। शांत स्वभाव और मिलनसार छवि के कारण उसकी इस तरह की हरकत किसी ने कल्पना नहीं की थी।

फिलहाल पुलिस घटना की हर कड़ी को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है। कृतिका की हालत गंभीर बनी हुई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *