चुनौती~ लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में भीषण विस्फोट: दिल्ली में हाई अलर्ट ..

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में धमाका, एक की मौत; दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट घोषित

नई दिल्ली, 10 नवंबर 2025।
राजधानी दिल्ली सोमवार दोपहर उस समय दहल उठी जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास खड़ी एक कार में तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई। मौके पर फैली आग और उड़ते मलबे से लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। धमाके में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि आठ लोग घायल हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सादिक नगर यूनिट मौके पर पहुंच गई। धमाके की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। नोएडा और गुरुग्राम पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतनी तेज आवाज के साथ हुआ कि आसपास की इमारतों और वाहनों के शीशे तक चटक गए। आग की लपटें कुछ ही क्षण में कई फीट ऊंची दिखाई देने लगीं और धुआं पूरे इलाके में फैल गया। पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाकर इलाके को सील कर दिया है।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट की प्रकृति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। स्पेशल सेल के डीसीपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जांच में जुटे हैं। फोरेंसिक और तकनीकी विशेषज्ञ भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाका किस प्रकार के विस्फोटक से हुआ।

गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि लाल किले के पास तेज आवाज सुनाई देने के बाद आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद केंद्रीय एजेंसियों ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। एनआईए और एनएसजी की टीम दिल्ली पहुंच चुकी है और घटनास्थल पर जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। शुरुआती अनुमति के बाद टीमें मलबा, कार के अवशेष और आसपास के क्षेत्र से सैंपल जुटाकर विस्फोट की वजह का वैज्ञानिक विश्लेषण करेंगी।

फिलहाल पुलिस पूरे क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाने के साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि यह दुर्घटना है, तकनीकी खराबी है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *