NGV PRAKASH NEWS


बहू देखने गया था, समधन से हो गया प्यार; हंगामा बढ़ा तो मामला महिला थाने पहुंचा
कौशांबी
11 नवंबर 2025
कौशांबी में एक अजीबो-गरीब प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र का एक व्यक्ति अपने बेटे के लिए बहू देखने आया था, लेकिन यहां उसकी नजर होने वाली समधन से ही मिल गई। तीन महीने पहले शुरू हुआ यह प्रेम संबंध घर तक पहुंचा तो हंगामा मच गया और मामला महिला थाने पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, व्यक्ति कौशांबी के महेवाघाट इलाके के एक गांव में बेटे की शादी तय करने के लिए गया था। बहू देखने के दौरान उसकी मुलाकात होने वाली समधन से हुई और बातचीत का सिलसिला बढ़ता चला गया। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के नजदीक आ गए और प्रेम संबंध बना लिया।
जब यह बात घरवालों तक पहुंची तो सबसे पहले व्यक्ति की पत्नी भड़क उठी। पति के इस व्यवहार से नाराज पत्नी ने मंझनपुर महिला थाने में शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत के बाद महिला थाना प्रभारी नीलम राघव और महिला आरक्षी विद्या यादव ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
थाने में घंटों चली बातचीत में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। कई दौर की बातचीत के बाद आखिरकार दोनों परिवार समझौते पर राजी हो गए।
समझौते में साफ किया गया कि अब उस घर में बेटे की शादी नहीं होगी और आगे से व्यक्ति और समधन के बीच किसी भी तरह का संबंध नहीं रहेगा। इस तरह बेटे की शादी का रिश्ता टूट गया, और थाने में ही शुरू हुआ यह अनोखा प्रेम प्रसंग भी खत्म हो गया।
NGV PRAKASH NEWS
