Gyan Prakash Dubey


चाट के ठेले पर विवाद से हुई युवक की मौत, मनबढ़ स्वभाव वाले नेऊर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बस्ती
11 नवंबर 2025
थाना नगर क्षेत्र में चाट के ठेले पर हुए मामूली विवाद से शुरू हुई कहासुनी युवक की मौत का कारण बन गई। पूरे मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त नेऊर को गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नेऊर मनबढ़ और दबंग किस्म का व्यक्ति था, जो अक्सर बात-बात पर लोगों से उलझ जाता था और हाथ उठाने की आदत के कारण इलाके में उसकी दबंग छवि बनी हुई थी।
कथित तौर पर घटना की शुरुआत 9 नवंबर की रात हुई, जब नेऊर का मछली पकड़ने वाला जाल दीपक उर्फ दीपू उठा ले गया। अगले दिन 10 नवंबर की शाम करीब छह बजे दोनों की मुलाकात कस्बा नगर के पप्पू जायसवाल के मकान की पास हुई। पुलिस के अनुसार, उस समय दोनों नशे में थे। नेऊर ने दीपक से जाल के बारे में पूछा तो दीपक ने उल्टा जवाब देते हुए कहा कि “उठा लिया, जो करना हो कर लो।”
इसी जवाब पर तैश में आए नेऊर ने दीपक से कहासुनी शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इलाके के लोगों का कहना है कि नेऊर अक्सर गुस्से में हाथ उठाने के लिए कुख्यात था, और यहां भी उसने दीपक को हाथ से धक्का-प्रहार किया। प्रहार लगते ही दीपक जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
दीपक को तत्काल जिला अस्पताल बस्ती ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नेऊर मौके से फरार हो गया था।
थाना अध्यक्ष विश्व मोहन राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे फुटहिया ओवरब्रिज के पास से 35 वर्षीय अभियुक्त नेऊर पुत्र आसाराम, निवासी दक्षिण टोला, नगर खास, को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 283/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
– थाना अध्यक्ष नगर विश्व मोहन राय
– व0उ0नि0 कन्हैया लाल मौर्य
– उ0नि0 अवधेश शर्मा
– का0 कमलेश यादव
– का0 अजय कुमार
– का0 सोनू कुमार
– का0 बलराम विश्वकर्मा
– का0 आनन्द सिंह, थाना नगर बस्ती
NGV PRAKASH NEWS





