पहले तो सपेरे को सांप से डसवाया- जबरन रखा बैठाये… उसके बाद जो हुआ उसे जान फैल गई आंखें..

NGV PRAKASH NEWS

सहारनपुर में सनसनीखेज वारदात: रेस्क्यू टीम लिखी जैकेट पहने पांच लोगों ने सपेरे को सांप से डसवाया, जहर फैलने से मौत

सहारनपुर, 12 नवंबर 2025।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दवाई बेचने गए एक सपेरे को पांच लोगों ने सांप से जबरन डसवाकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक रामराज निवासी 31 वर्षीय सिकंदरनाथ था, जो अपने भाई कर्णनाथ के साथ सोमवार को सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र में सुरमा और दांतों की दवाई बेचने गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रास्ते में “रेस्क्यू टीम” लिखी जैकेट पहने पांच लोगों ने दोनों भाइयों को रोक लिया। मृतक के भाई कर्णनाथ ने बताया कि इन लोगों के पास एक सांप था, जिससे उन्होंने उसके भाई सिकंदरनाथ को कई बार डसवाया। एक घंटे तक उसे जबरन वहीं बैठाए रखा और किसी भी तरह का उपचार नहीं करने दिया।

कर्णनाथ ने बताया कि वह बार-बार विनती करता रहा कि भाई के हाथ में बंद लगाने दे ताकि जहर का असर रोका जा सके, लेकिन आरोपियों ने उसे रोक दिया। धीरे-धीरे जहर पूरे शरीर में फैल गया और सिकंदरनाथ बेहोश हो गया। इसके बाद कर्णनाथ किसी तरह उसे लेकर बिजनौर के अस्पताल पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने सिकंदरनाथ को मृत घोषित कर दिया।

इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को शव को सड़क पर रखकर जोरदार हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। करीब 35 मिनट तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को रवाना किया गया है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *