लालगंज थाना क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर कब्जा: अब भीम युवा वाहिनी ने भी की कार्यवाही की मांग…

Gyan Prakash Dubey

ग्राम सभा की गड़ही पर अवैध कब्जा, भीम युवा वाहिनी ने की कार्रवाई की मांग

बस्ती। 12 नवंबर 2025

सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि ग्राम सभा की पोखरा, गड़ही, चारागाह जैसी सार्वजनिक भूमि पर कोई भी व्यक्ति अवैध कब्जा नहीं कर सकता, न ही ऐसी भूमि किसी को पट्टे पर दी जा सकती है या उस पर कोई निर्माण कार्य किया जा सकता है। इसके बावजूद कुछ दबंग लोग इन जमीनों पर कब्जा जमाने और निर्माण करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

ऐसा ही एक मामला बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मेहनौना के कटाई जोत पुरवा में सामने आया है। यहां अभिलेखों में दर्ज जलमग्न गड़ही (गाटा संख्या 25) पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस गड़ही में मिट्टी भराई करके स्थायी निर्माण तक कर लिया है। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो कब्जाधारियों ने उन्हें धमकाया और झगड़े पर उतारू हो गए।

ग्राम सभा अभिलेखों के अनुसार इस गड़ही का कुल क्षेत्रफल 81 एयर है, लेकिन वर्तमान में यह केवल 15 से 20 एयर तक सिमटकर रह गई है। यह वही गड़ही है जिसमें पूरे कटाई जोत गांव के घरों का पानी निकलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड़ही के कुछ हिस्से में ग्राम सभा द्वारा खड़ंजा मार्ग का निर्माण भी किया गया है, वह भी बिना किसी सक्षम अधिकारी की संस्तुति के। नियमानुसार, सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य उप जिलाधिकारी की स्वीकृति के बिना नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने इस सरकारी गड़ही को अवैध कब्जे से मुक्त कराने और कब्जाधारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है।

👉 इसी प्रकार के मुद्दे को लेकर बुधवार को भीम युवा वाहिनी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनू राव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल मण्डलायुक्त को ज्ञापन सौंपने पहुंचा।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि लालगंज थाना क्षेत्र के थरौली गांव में गाटा संख्या 133, रकबा 0.0930 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर उसे अम्बेडकर पार्क के लिए सुरक्षित किया जाए। सोनू राव ने कहा कि उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है और अगर यहां अम्बेडकर पार्क का निर्माण हो जाता है, तो अनुसूचित जाति के ग्रामीणों को सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन का भी अवसर मिलेगा।

ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष अजय राव उर्फ प्रमोद, संदीप गौतम, अवनीश प्रभात, देवीलाल गौतम, दीपक गौतम, वीरेन्द्र गौतम, जितेन्द्र गौतम, राहुल गौतम, नीरज, शिव कुमार, जितेंद्र, राम रूप, इंद्रावती और रोशनी सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *