NGV PRAKASH NEWS


सऊदी अरब में बड़ा सड़क हादसा: मक्का से मदीना जा रही बस में लगी आग, 42 भारतीयों की मौत की आशंका
17 नवंबर 2025।
सऊदी अरब में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में 42 भारतीयों की मौत की आशंका ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। हादसा उस समय हुआ जब मक्का से मदीना जा रही यात्रियों से भरी बस एक तेज रफ्तार टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस कुछ ही क्षणों में आग के गोले में बदल गई।
बताया जा रहा है कि बस में लगभग 50 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश तेलंगाना, खासकर हैदराबाद के रहने वाले थे। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, यह दुर्घटना मुफरीहाट इलाके में रात करीब 1:30 बजे हुई। यात्रा के दौरान अधिकतर यात्री सो रहे थे, जिससे आग लगने पर वे समय रहते बाहर नहीं निकल सके।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में 11 महिलाएं और 10 बच्चों सहित 42 लोगों के मारे जाने की आशंका है। माना जा रहा है कि टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ भरा था, जिसकी वजह से बस में आग तेजी से फैल गई।
हेल्पलाइन नंबर जारी
भारत सरकार ने मृतकों के परिजनों की सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
+91 7997959754
+91 9912919545
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने भी हेल्पलाइन नंबर 8002440003 जारी किया है।
तेलंगाना सरकार सक्रिय
तेलंगाना सरकार ने बताया है कि वह रियाद स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली स्थित अधिकारियों को मृतकों की पहचान और औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने के लिए निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, बस मदीना से लगभग 15 किलोमीटर पहले एक टैंकर से भिड़ी, जिसके बाद आग लगने से अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मदद की अपील
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी केंद्र सरकार से अपील की है कि मृतकों की पहचान, उनके शवों को भारत लाने और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं। उन्होंने रियाद स्थित भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबू जॉर्ज से बातचीत कर जरूरी कार्रवाई का अनुरोध किया है। ट्रैवल एजेंसी ने बस में सवार यात्रियों की सूची दूतावास को भेज दी है, जिससे पहचान की प्रक्रिया तेज होगी।
NGV PRAKASH NEWS





