नोएडा में कर्मचारियों का प्रदर्शन हुआ उग्र: पुलिस की गाड़ियों में मचाई तोड़फोड़…….

NGV PRAKASH NEWS

नोएडा में वेतन वृद्धि विवाद पर भड़का श्रमिक प्रदर्शन, सड़कों पर उतरे कर्मी, कई जगह जाम और आगजनी

नोएडा, 13 अप्रैल 2026.

गुरुग्राम से शुरू हुई वेतन बढ़ोतरी की मांग की चिंगारी सोमवार सुबह नोएडा में भी भड़क उठी, जहां बड़ी संख्या में श्रमिकों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। नेतृत्वहीन भीड़ ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों पर उतरकर हंगामा किया, जिससे शहर की रफ्तार थम गई।

सुबह करीब साढ़े आठ बजे से ही सेक्टर-62 गोल चक्कर, सेक्टर-60 मेट्रो स्टेशन, फेज-2 स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स, मदरसन फैक्ट्री और सेक्टर-15 के आसपास श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर सड़क जाम कर दी और कुछ जगहों पर पुलिस वाहनों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।

औद्योगिक क्षेत्रों के साथ-साथ मुख्य मार्गों, अंदरूनी सड़कों और एनएच-9 तथा चिल्ला बॉर्डर तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। अनुमान है कि करीब पांच लाख से अधिक लोग इस जाम से प्रभावित हुए। तेज गर्मी के बीच लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

दरअसल, रविवार को जिला प्रशासन ने संभावित प्रदर्शन को देखते हुए बैठक कर कई घोषणाएं की थीं। इनमें ओवरटाइम का भुगतान दोगुना करने, 30 नवंबर से पहले बोनस देने, पॉश (POSH) समिति बनाने और श्रमिक हेल्पलाइन जारी करने जैसे आश्वासन शामिल थे। हालांकि, श्रमिकों ने इन वादों को खारिज कर दिया और उन्हें ‘झुनझुना’ बताते हुए प्रदर्शन तेज कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा में 16 अप्रैल को प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन की चर्चा पहले से ही चल रही थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन इसे लेकर पूरी तरह सतर्क नहीं दिखा। सोमवार सुबह अचानक बड़ी संख्या में श्रमिकों के सड़कों पर उतरने से पुलिस और प्रशासन की खुफिया व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और श्रमिकों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने के लिए समझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम बल प्रयोग के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

NGV PRAKASH NEWS

👉 समाचार स्त्रोत… PTI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *