NGV PRAKASH NEWS

कानपुर में भीषण सड़क हादसा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटी, तीन की मौत, 25 से अधिक घायल
कानपुर, 19 नवंबर 2025
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार भोर साढ़े तीन बजे एक निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। धमाके जैसी आवाज के साथ बस करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर किया गया।
हैलट में भर्ती घायलों ने पुलिस को बताया कि हादसे की मुख्य वजह चालक का शराब पीकर गाड़ी चलाना हो सकता है। कई यात्रियों ने पुलिस को बताया कि आगरा में खाना खाने के दौरान चालक ने ढाबे पर शराब पी थी। इसके बाद वह लहराकर बस चलाने लगा, जिसके चलते कई यात्रियों ने उसे टोका भी, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। कुछ यात्रियों ने यह भी आशंका जताई कि चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित हुई।
दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। अरौल थानाध्यक्ष जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि चालक और कंडक्टर मौके से फरार मिले। बस में कितने यात्री सवार थे, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी, लेकिन यात्रियों ने 55–56 लोगों के होने की बात कही। कई यात्रियों का सामान अभी भी थाने में सुरक्षित रखा गया है। हादसे की सूचना के बाद डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने हैलट पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
पिछले कुछ वर्षों में ठठिया से अरौल के बीच बस हादसे लगातार सामने आते रहे हैं। तेज रफ्तार, ओवरटेक और चालक की झपकी इन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताए जाते हैं। मई 2025 में भी बिहार जा रही दो बसों की टक्कर में 30 लोग घायल हुए थे, जबकि जुलाई 2023 में एक बस डिवाइडर तोड़कर खेत में जा गिरी थी।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से लखनऊ के बीच चलने वाली कई बसों के चालक बिना आराम किए लंबी दूरी तक गाड़ी चलाते हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। रात के समय नींद आने और तेज रफ्तार के कारण एक्सप्रेसवे पर सबसे ज़्यादा दुर्घटनाएं होती हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों में अनुराग (5) निवासी शिवगढ़, नसीम आलम (30) निवासी मोतिहारी और शशि गिरी (26) निवासी सिवान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बस (बीआर 23 पी 9389) नालंदा आरटीओ में वर्ष 2018 में पंजीकृत है और दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के लिए सोमवार शाम छह बजे रवाना हुई थी।
मौके पर एसीपी बिल्हौर मंजय सिंह, एसडीएम संजीव दीक्षित सहित पुलिस फोर्स तैनात रही। करीब 40 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्रेन से बस हटवाकर बहाल कराया गया।
NGV PRAKASH NEWS


