NGV PRAKASH NEWS


बेंगलुरु में दिनदहाड़े 7.11 करोड़ रुपये की डकैती, आरबीआई अधिकारी बनकर गिरोह ने दिया वारदात को अंजाम
नई दिल्ली/बेंगलुरु, —
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। साउथ एंड सर्कल के पास एटीएम में नकदी पहुंचाने जा रही कैश वैन को एक गिरोह ने रोककर 7.11 करोड़ रुपये लूट लिए। वारदात के बाद शहरभर में वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
घटना उस समय हुई जब नकदी प्रबंधन कंपनी के कर्मचारी एटीएम में पैसे जमा कराने जा रहे थे। तभी इनोवा कार में सवार सात से आठ बदमाश वहां पहुंचे और खुद को आरबीआई अधिकारी बताकर टीम को धमकाया। आरोपियों ने हथियारबंद गार्ड और कैश लोडिंग स्टाफ को गाड़ी से बाहर निकाल दिया। इसके बाद बदमाश ड्राइवर को अपने कब्जे में लेकर डेयरी सर्कल की ओर ले गए और फ्लाईओवर पर वैन को रोक दिया।
फ्लाईओवर पर गिरोह ने कैश वैन से नकदी निकालकर अपनी इनोवा कार में डलवाई और फरार हो गए। लुटेरों ने वारदात के दौरान नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी पहचान में मुश्किल हो रही है।
घटना के बाद पुलिस कैश वैन के ड्राइवर, दोनों गार्ड और कैश लोडिंग स्टाफ से पूछताछ कर रही है। पता चला है कि दो आरोपी ड्राइवर के साथ वैन में सवार थे, जबकि बाकी बदमाश इनोवा में बैठे थे। थोड़ी दूरी पर तीनों कर्मचारियों को उतारने के बाद गिरोह ने पूरी नकदी कार में रखी और फरार हो गया।
पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह डकैती शहर में हाल के वर्षों में हुई सबसे बड़ी लूट की घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS




