शराब के नशे में विवाद बना मौत का कारण..

⏩ आश्रय आवास में हत्याकांड का हुआ खुलासा

Gyan Prakash Dubey

बस्ती, 27 नवंबर 2025 | NGV PRAKASH NEWS

हर्रैया इलाके में शराब के नशे में हुए विवाद से शुरू हुई कहासुनी एक युवक की जान ले लेगी—यह किसी ने नहीं सोचा था। मंगलवार की देर रात आश्रय आवास कॉलोनी में रहने वाले रवि गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त महेंद्र गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। हरैया थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे देर रात करीब 1:40 बजे बेलाड़े शुक्ल तिराहा के पास से पकड़ा। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया है।

घटना का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि

घटना की शुरुआत 25 नवंबर की रात से मानी जा रही है। पुलिस जांच के अनुसार, उस रात करीब आठ बजे रवि गुप्ता शराब के नशे में अपने कमरे पर पहुंचे, जहां उनकी किसी बात को लेकर महेंद्र गौड़ से बहस हुई। दोनों ने शराब पी रखी थी और विवाद तेजी से मारपीट में बदल गया। विवाद बढ़ने पर रवि के भाई आलोक गुप्ता मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को अलग कराया। उन्होंने रवि को ऊपर कमरे में ले जाकर सुला भी दिया।

लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक, उसी रात महेंद्र गौड़ ने रंजिश में रवि के कमरे में घुसकर डंडे से उनके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रवि की मौत हो गई। महेंद्र ने डंडा झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे बाद में उसकी निशानदेही पर बरामद किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण सिर में आई गंभीर चोटें ही पाई गईं।

घटना की सूचना अगले दिन सुबह रवि के भाई ने पुलिस को दी, जिसके बाद हरैया पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बनाई गई। तकनीकी और फील्ड इनपुट के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले की कड़ियां जोड़ लीं और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता के प्रमाण फिलहाल नहीं मिले हैं।

पकड़ा गया आरोपी महेंद्र गौड़ आश्रय आवास कॉलोनी का ही निवासी है और उसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है। उसके खिलाफ हरैया थाने में हत्या सहित दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *