NGV PRAKASH NEWS


गोमतीनगर में महिला की हत्या का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, शराब, संबंध और विवाद से बनी मौत की वजह
लखनऊ | 05 दिसंबर 2025 | NGV PRAKASH NEWS
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के घर के बाहर मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घटना के 24 घंटे के भीतर विनीत खंड से दो आरोपियों — कानपुर निवासी देवेंद्र सिंह और गोमतीनगर के सूरज पाल — को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ने पूछताछ में महिला के साथ हुई घटना की पूरी कहानी पुलिस को बताई है।
पुलिस के अनुसार मृतक महिला की उम्र लगभग 45 वर्ष थी और वह अलीगंज सेक्टर-बी की रहने वाली थी। देवेंद्र ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे वह ई-रिक्शा से नवाब पुरवा स्थित शराब ठेके पर शराब लेने गया था। इसी दौरान गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के पास उसे महिला मिली। महिला ने हाथ देकर रुकवाया और ई-रिक्शा में बैठ गई। रास्ते में बातचीत के दौरान महिला ने शारीरिक संबंध बनाने की बात कही और बदले में शराब पिलाने की शर्त रखी।
देवेंद्र महिला को विशाल खंड-2 स्थित सूरज की झोपड़ी में ले गया, जहां सूरज पहले से मौजूद था। तीनों ने साथ में शराब पी और फिर देवेंद्र व सूरज ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपियों के अनुसार इसके बाद महिला ने उनसे पैसे मांगने शुरू कर दिए। पैसे न देने पर उसने झगड़ा और हंगामा करना शुरू कर दिया।
आरोपियों ने बताया कि पॉश इलाके में शोर-शराबे की वजह से बदनामी का डर था। विवाद बढ़ने पर महिला अचानक जोर से धक्का खाकर पीछे गिरी और उसका सिर वहां रखे तख्त से टकरा गया। महिला तुरंत बेहोश हो गई। काफी देर तक होश न आने पर आरोपी घबरा गए। रात करीब तीन बजे जब उन्होंने महिला को फिर हिलाकर देखा तो उसके शरीर में कोई हरकत नहीं थी। उसी समय उन्हें उसके मर जाने का एहसास हुआ।
डर के कारण दोनों ने महिला के शव को देर रात उठाकर एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के घर के बाहर पार्क की दीवार से सटाकर बैठा दिया, ताकि रात में देखने वालों को लगे कि महिला जीवित है। सुबह राहगीरों ने पहले उसे सामान्य रूप से बैठे हुए देखा, लेकिन लंबे समय तक न हिलने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के शरीर पर चोट और घसीटकर ले जाए जाने के कई निशान मिले। तत्पश्चात आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे दोनों आरोपियों की पहचान हुई। बुधवार को दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS


