Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

गंगा दशहरा स्नान को लेकर कासगंज पुलिस अलर्ट, एसपी ने कछला और लहरा गंगा घाट का किया निरीक्षण
कासगंज, 19 मई 2026.
आगामी गंगा दशहरा पर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए कासगंज पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने थाना सोरों क्षेत्र के कछला गंगा घाट और लहरा गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गंगा घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, बैरिकेटिंग, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, चेंजिंग रूम, पेयजल और वाहन पार्किंग जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही गंगा के जलस्तर को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सुरक्षा बैरिकेटिंग लगाने और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को पहले से पूरी तैयारी रखने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने यातायात प्रभारी को श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाए रखने के लिए प्रभावी प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक बदायूं अभिषेक कुमार, उपजिलाधिकारी कासगंज संजीव कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी निरीक्षक सोरों लोकेश भाटी, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS
