Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

त्योहारों को लेकर बस्ती पुलिस अलर्ट, एसपी ओमवीर सिंह ने हरैया में किया पैदल गश्त, व्यापारियों को दिए सुरक्षा निर्देश
बस्ती 05 नवंबर 2026
आगामी धनतेरस, दीपावली, भैया दूज एवं छठ पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती एवं क्षेत्राधिकारी हरैया के साथ थाना हरैया क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया।
बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों एवं प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही आमजन और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आगामी 10 से 15 दिनों तक लगातार त्योहारों का सिलसिला जारी रहेगा। इसे देखते हुए बस्ती शहर सहित सभी कस्बों में पुलिस द्वारा लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर उनका समय से समाधान किया जा सके और आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराई जा सके।
अराजक तत्वों को सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने समाज में अराजकता फैलाने और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोग अपनी गतिविधियों से बाज आएं और एक अच्छे नागरिक की तरह जीवन व्यतीत करें। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
आतिशबाजी की बिक्री को लेकर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जाएं। किसी भी गली-मोहल्ले या असुरक्षित स्थान पर पटाखों की बिक्री न की जाए। सभी दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना और जनहानि से बचा जा सके।
लगातार गश्त करने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक हरैया सहित पुलिस बल को क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त करने और शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पैदल गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक हरैया सहित थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS