👉ग्रामीण स्वास्थ्य वेलफेयर असोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम त्रिपाठी की लोगों द्वारा की जा रही है प्रशंसा…
Gyan Prakash Dubey

घने कोहरे में हुआ भीषण सड़क हादसा: पांच वाहन भिड़े, पिकअप चालक की मौत; डॉक्टर की कार क्षतिग्रस्त
बस्ती।
12 दिसंबर 2025
जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह घने कोहरे ने भयावह रूप ले लिया, जब लुंबिनी–दुद्धी मार्ग पर बेईली गांव के पास एक के बाद एक कर करीब पाँच वाहन आपस में टकरा गए। सुबह लगभग 9 बजे हुई इस दुर्घटना में दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को आगे का रास्ता बिल्कुल नजर नहीं आ रहा था, जिसके चलते टक्करें लगातार होती चली गईं।
दुर्घटना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में तैनात चिकित्सक प्रभाकर चौधरी की क्रेटा कार भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि हादसा इतना भीषण था कि कार के परखचे उड़ गए, लेकिन डॉक्टर चौधरी बाल-बाल बच गए। वहीं गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना पाकर थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। सड़क पर वाहनों के हिस्से बिखर जाने से यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा।
⏩घटना की जानकारी मिलते ही रामजानकी मार्ग के ‘देवदूत’ के रूप में जाने जाने वाले प्रेम त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों के साथ मिलकर घायल चालक को पिकअप वाहन से बाहर निकलवाया और एम्बुलेंस से उसे अस्पताल भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोहरे की घनी परत और तेज रफ्तार दुर्घटना की मुख्य वजह रही। बताया गया कि डॉक्टर प्रभाकर चौधरी बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र से अपने निवास के लिए आ रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद पीछे चल रहे अन्य वाहन भी अनियंत्रित होकर भिड़ते चले गए।
क्षेत्र में इस हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर मार्ग को धीरे-धीरे सुचारु कराया।

NGV PRAKASH NEWS
