NGV PRAKASH NEWS

सिडनी के बोंडी बीच पर हनुक्का समारोह के दौरान गोलीबारी, 15 की मौत; आतंकी की मां बोली—ऐसा बेटा हर मां-बाप चाहता है
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बोंडी बीच पर यहूदी समुदाय के हनुक्का (Hanukkah) त्योहार की तैयारियों के दौरान हुई भीषण गोलीबारी ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। इस हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोलीबारी करने वाले दो बंदूकधारी पिता-पुत्र थे। न्यू साउथ वेल्स पुलिस आयुक्त के अनुसार 50 वर्षीय हमलावर को मौके पर ही मार गिराया गया, जबकि उसका 24 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बताया गया कि हमलावरों ने करीब 10 मिनट तक अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे कार्यक्रम में शामिल लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दोनों हमलावर पाकिस्तानी नागरिक थे। इस बीच सोशल मीडिया पर हमलावर के न्यू साउथ वेल्स ड्राइविंग लाइसेंस की तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिसे लेकर जांच एजेंसियां सतर्क हैं।
हमले के बाद सबसे चौंकाने वाला बयान हमलावर की मां वेरेना का सामने आया है। पुलिस पूछताछ के दौरान उसने कहा कि उसे यकीन नहीं है कि उसका बेटा ऐसा जघन्य कृत्य कर सकता है। उसने कहा, “मेरा बेटा बहुत अच्छा है, ऐसा बेटा हर मां-बाप चाहता है।” उसने यह भी बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले बेटे से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने सामान्य बातें की थीं और कहीं भी किसी हिंसक इरादे का संकेत नहीं दिया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोंडी बीच पर उस समय हजारों लोग मौजूद थे और समुद्र तट के पास बने एक पार्क में करीब एक हजार लोग हनुक्का कार्यक्रम में शामिल हुए थे। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग रेत, सड़कों और आसपास की इमारतों की ओर भागने लगे। कई लोगों ने बताया कि चारों तरफ सिर्फ चीख-पुकार और गोलियों की आवाज सुनाई दे रही थी।
गौरतलब है कि सख्त बंदूक कानूनों के लिए जाने जाने वाले ऑस्ट्रेलिया में यह पिछले करीब तीन दशकों की सबसे घातक गोलीबारी की घटनाओं में से एक मानी जा रही है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि हमले के पीछे कोई संगठित साजिश थी या नहीं।
स्रोत: NDTV, Aaj Tak, The Guardian, Australian Police Statements
NGV PRAKASH NEWS
