पिता ने पांच बच्चों संग किया सुसाइड: दो बेटे चमत्कारिक रूप से जिंदा बचे..

NGV PRAKASH NEWS

मुजफ्फरपुर में दिल दहला देने वाली त्रासदी: पिता ने तीन बेटियों संग लगाई फांसी, दो मासूम बेटे बाल-बाल बचे

दिसंबर 15, 2025।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में एक परिवार में एक साथ चार मौतों से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। घटना नवलपुर मिश्रौलिया गांव की है, जहां एक पिता ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि उसके दो छोटे बेटे किसी तरह बच गए। सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, रुपनपट्टी मथुरापुर पंचायत के नवलपुर मिश्रौलिया गांव निवासी अमरनाथ राम (40) ने रविवार रात अपनी तीन बेटियों राधा कुमारी (11), राधिका (9) और शिवानी (7) के साथ घर के अंदर फांसी लगा ली। अमरनाथ ने अपने दोनों बेटों शिवम कुमार (6) और चंदन (4) को भी फंदे में डाल दिया था, लेकिन दोनों बच्चे समय रहते बच निकलने में सफल रहे। बच्चों के शोर मचाने पर गांव वालों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद रात में ही भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

बचे हुए बेटे शिवम ने पुलिस को बताया कि रविवार रात पूरे परिवार ने साथ बैठकर भोजन किया था। खाने में अंडे का भुजिया, आलू-सोयाबीन की सब्जी और चावल बना था, जिसे बड़ी बेटी ने तैयार किया था। अमरनाथ की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था और वह अकेले ही अपने पांचों बच्चों की परवरिश कर रहा था। सोमवार तड़के अमरनाथ ने सभी बच्चों को जगाया और पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर एक-एक कर बच्चों के गले में डाल दिया। इसके बाद ट्रंक पर चढ़कर सभी को कूदने के लिए कहा। तीनों बेटियां उसके साथ झटके से कूद गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शिवम ने बताया कि जब उसने कूदने के बाद गले में तेज दर्द महसूस किया तो उसने किसी तरह फंदा ढीला कर अपना गला बाहर निकाल लिया। उसने छोटे भाई चंदन के गले से भी फंदा खोल दिया और घर से बाहर निकलकर शोर मचाया। इसी शोर की वजह से दोनों भाइयों की जान बच सकी। बच्चों के बयान के अनुसार, पत्नी की मौत के बाद से अमरनाथ मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था और उसी अवसाद में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

घटना के बाद सकरा थाना पुलिस गांव में कैंप कर रही है। दोनों जीवित बच्चों को पुलिस ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अमरनाथ ने इतना कठोर और भयावह फैसला क्यों लिया। एक ही परिवार में एक साथ चार मौतों से रिश्तेदारों और गांव वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *