मैडम को प्रेग्नेंट करना है, अच्छा पैसा देगीं..खुशी में युवक ने कर डाला यह काम..

NGV PRAKASH NEWS

‘मैडम को प्रेग्नेंट करना है…’ के झांसे में फंसा युवक, साइबर ठगी में नाम जुड़ने के डर से की आत्महत्या

दिसंबर 15, 2025।
छत्तीसगढ़ के सकरी क्षेत्र से साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने और दुखद मामला सामने आया है, जहां लालच और ठगी के जाल में फंसे एक युवक ने बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में सामने आया है कि साइबर ठगों ने युवक को मोटी रकम का लालच देकर उसके नाम पर कई बैंक खाते खुलवाए और उन खातों के जरिए अवैध लेन-देन किया गया।

सकरी थाना क्षेत्र निवासी कामेश्वर निर्मलकर ने 18 जुलाई 2023 को उसलापुर और घुटकू रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी थी। घटना के बाद पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसने पूरे मामले का खुलासा किया। सुसाइड नोट में कामेश्वर ने लिखा था कि उसके घर इंडियन बैंक का एटीएम कार्ड आया था, जबकि उसने कभी उस बैंक में खाता नहीं खुलवाया था। इस बात की जानकारी उसने अपने पिता और दोस्तों को भी दी थी।

एटीएम कार्ड मिलने के बाद कामेश्वर ने लिफाफे पर लिखे फोन नंबर पर संपर्क किया। उसे बैंक जाकर जानकारी लेने को कहा गया, लेकिन उसी रात उसके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को जान-पहचान का बताते हुए कहा कि उसकी ‘मैडम को प्रेग्नेंट करना है’ और इसके बदले में मनचाही रकम दी जाएगी। लालच में आकर कामेश्वर इस प्रस्ताव पर राजी हो गया।

इसके बाद साइबर ठगों ने उसे अलग-अलग बैंक खातों को खुलवाने के लिए कहा। पहले उसने पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाकर पासबुक की फोटो भेजी। नाम में गलती का बहाना बनाकर ठगों ने उसे पंजाब नेशनल बैंक में खाता खुलवाने को कहा। इसके बाद भी समस्या बताकर केनरा बैंक में तीसरा खाता खुलवाया गया। इन सभी खातों का इस्तेमाल अवैध लेन-देन के लिए किया जा रहा था, जिसकी जानकारी कामेश्वर को नहीं दी गई।

14 जुलाई को बैंक से कॉल आने पर कामेश्वर को शाखा बुलाया गया। वहां बैंक कर्मचारियों ने बताया कि उसके खाते में बड़ी रकम आ रही है और उसे तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर किया जा रहा है। जब उससे इस लेन-देन के बारे में सवाल किए गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। यहीं से उसे अहसास हो गया कि वह किसी बड़े साइबर अपराध में फंस चुका है।

घर लौटने के बाद वह मानसिक रूप से टूट गया। बदनामी और पुलिस कार्रवाई के डर ने उसे इस कदर घेर लिया कि चार दिन बाद उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच के बाद सकरी पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी तरह के कमीशन, इनाम या आसान पैसे के लालच में अपने नाम से बैंक खाता खुलवाकर किसी अन्य को उपयोग के लिए न दें। ऐसे मामलों में सबसे पहले खाता धारक ही कानूनी शिकंजे में आता है। अवैध लेन-देन की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस और बैंक को सूचित करें। अनजान लोगों को बैंक डिटेल, ओटीपी या दस्तावेज देने से बचें और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहें।

साथ ही पुलिस ने यह भी सलाह दी है कि बड़ी कंपनियों या सरकारी संस्थानों के नाम पर बनी फर्जी वेबसाइटों से सतर्क रहें और किसी भी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट की पुष्टि जरूर करें।
NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *