GYAN PRAKASH DUBEY

अनियंत्रित गन्ना लदे ट्रॉले की चपेट में आकर युवक की मौत, दो अन्य गंभीर घायल
बस्ती 15 दिसम्बर 25.
परिवहन विभाग और पुलिस की लापरवाही आम जनता पर भारी पड़ रही है | ओवरलोड गन्ना लदे ट्रक तथा ट्रालों के अनियंत्रित ढंग से चलने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं |
उसके बाद भी प्रशासन द्वारा कभी- कभार एक दो वाहनों पर कार्यवाही कर खाना पूर्ति कर दी जाती है |
जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर भरना पड़ रहा है |
वहीं सूत्रों के अनुसार गन्ना ढुलाई का कॉन्ट्रैक्ट लेने वाले ठेकेदार द्वारा अपनी ऊपर तक पहुंच और लक्ष्मी जी की कृपा से किसी भी कार्यवाही से बचत निकलता है | कभी कभार जब कोई बड़ी घटना होती है उस समय प्रशासन और पुलिस द्वारा कार्यवाही कर आम जनता के गुस्से को शांत कर दिया जाता है |
ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जनपद के लालगंज थाना अंतर्गत बनकटी बाजार में आज शाम करीब पौने सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमे 1 युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सूर्यबक्स पाल इंटर कॉलेज के सामने उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित गन्ना लदा ट्रॉला बाइक सवार युवकों को रौंदता चला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंडेरवा थाना क्षेत्र के कड़सरी गांव निवासी अमन, उम्र 18 वर्ष, अपने गांव के साथी बुजेश, उम्र 18 वर्ष, पुत्र विजय के साथ अपाची बाइक संख्या यूपी 51 बीयू 7991 से जा रहा था। जैसे ही वे बनकटी स्थित सूर्यबक्स पाल इंटर कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी अनियंत्रित गन्ना लदे ट्रॉले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से भागने लगा, इसी दौरान भागते ट्रॉले ने बाइक सवार एक अन्य युवक अजय, पुत्र स्व. मोहन, निवासी सजनाखोर (बनकटी मेन चौराहा) को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा बाइक पर सवार बुजेश भी दुर्घटना में घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू की। वहीं दुर्घटना को अंजाम देने वाले गन्ना लदे ट्रॉले को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार मृतक अमन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
NGV PRAKASH NEWS
