Gyan Prakash Dubey



👉दुर्घटना के बाद एक बार फिर परिवहन और पुलिस विभाग पर लोगों की उठ रहीं उंगलियां…
🚨 बस्ती में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और डबल डेकर बस की आमने-सामने टक्कर, कई हताहत; अवैध बस संचालन पर फिर उठे सवाल
बस्ती, 16 दिसंबर 2025।
बस्ती जनपद के हरदिया चौराहे के पास सोमवार रात करीब 10:15 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और एक डबल डेकर बस की आमने-सामने हुई टक्कर ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और कुछ ही पलों में घटनास्थल चीख-पुकार और भगदड़ का केंद्र बन गया।
“ट्रक और डबल डेकर बस की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बस चालक और ट्रक चालक समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
बताया जा रहा है कि डबल डेकर बस संतकबीरनगर जनपद के बेलहर कला गांव से अजमेर शरीफ जा रही थी। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस उनकी पहचान कराने में जुटी हुई है।”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डबल डेकर बस तेज रफ्तार में थी और अचानक सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद बस और ट्रक दोनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आवास पर फोन कर प्रशासन को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस बल और राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
सूचना पर तत्काल जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, डीआईजी संजीव त्यागी और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों की समीक्षा की।
दुर्घटना के चलते हरदिया चौराहे के पास काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
हालांकि इस भीषण हादसे के बाद एक बार फिर बस्ती में अवैध और अनियंत्रित बस संचालन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में लंबे समय से बिना परमिट, बिना फिटनेस और ओवरलोडिंग के साथ बसें सड़कों पर फर्राटा भर रही हैं। डबल डेकर जैसी भारी बसें संकरी और संवेदनशील सड़कों पर कैसे चल रही हैं, यह अपने आप में बड़ा सवाल है।
सबसे बड़ा सवाल परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की भूमिका को लेकर उठ रहा है। यदि जिले में नियमित चेकिंग, परमिट और फिटनेस की सख्त जांच होती, तो क्या ऐसी बसें सड़क पर दौड़ पातीं? आखिर इन अवैध बसों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? क्या कहीं न कहीं विभागीय लापरवाही या मौन सहमति के चलते ऐसे वाहन संचालन की छूट मिल रही है?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद जांच और कार्रवाई की बातें तो होती हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है और वही बसें फिर सड़कों पर दिखाई देने लगती हैं। यही लापरवाही बार-बार मासूम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। लेकिन सवाल अब भी कायम है कि क्या इस हादसे के बाद अवैध बस संचालन पर वास्तव में सख्त कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी अन्य हादसों की तरह फाइलों में सिमट कर रह जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS
👉 समाचार को आगे भी अपडेट किया जाएगा
अपडेट : बड़वन के पास बस–ट्रक हादसा, मृतकों की संख्या चार हुई, मुख्यमंत्री ने मुआवजे का किया एलान
बस्ती, 16 दिसंबर 2025।
बस्ती जनपद के बड़वन के पास सोमवार रात करीब 10:30 बजे यात्री बस और ट्रक के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना को लेकर स्थिति साफ हो गई है। प्रशासन से प्राप्त अद्यतन जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर, संभावित रूप से बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर, रेफर किया गया है। वहीं, 17 अन्य घायल यात्रियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार इन सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया है और गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री की ओर से पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की गई है। हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
👉 उक्त जानकारी जिलाधिकारी बस्ती कृतिका ज्योत्सना नें दी |

प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है और घायलों के इलाज एवं पीड़ित परिवारों को सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
