👉घना कोहरा बना हादसे का कारण…


👉 मृतकों को मुख्यमंत्री नें मुआवजे की घोषणा..
मथुरा में दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: कोहरे में सात बसें और तीन कारें टकराईं, आग लगने से चार की मौत, 50 से अधिक घायल
मथुरा, 16 दिसंबर 2025।
दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर मथुरा जिले के अंतर्गत मंगलवार तड़के घने कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे पर सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिसके बाद कई वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य के लिए 11 दमकल गाड़ियां और 14 एंबुलेंस लगाई गईं, जिनकी मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर पहले एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पीछे से आ रही बसें और कारें कोहरे के कारण नियंत्रण खो बैठीं और एक के बाद एक टकराती चली गईं। टक्कर के तुरंत बाद तीन से छह बसों में आग लग गई। हादसे के समय बसें यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थीं। एक यात्री ने बताया कि वह बस में सो रहा था, तभी तेज धमाके की आवाज के साथ आग फैल गई, जिससे जान बचाने के लिए यात्री इधर-उधर भागने लगे।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे के इस हिस्से में यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। जिलाधिकारी, एसएसपी, क्षेत्राधिकारी और एसडीएम मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
हादसे को लेकर एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने बताया कि सात बसें और तीन कारें आपस में टकराने के बाद आग की चपेट में आ गईं। राहत और बचाव कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 25 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस हादसे पर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दी जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
