NGV PRAKASH NEWS
कोहरे का फायदा उठाकर किशोरी को उठाया गोद में, हुआ 10 घंटे में गिरफ्तार,
हाथरस, 17 दिसंबर 2025।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा सिकंदराराऊ में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दस घंटे के अंदर आरोपी युवक को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार करते हुए इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया ।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीशान के रूप में हुई है।
घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया । टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश तेज की।
मिली जानकारी के अनुसार किशोरी सुबह अपने छोटे भाई को स्कूल छोड़ने गई थी। वापस आते समय आरोपी युवक उसका पीछा करने लगा। कुछ दूरी पर युवक ने उसे रोककर अश्लील टिप्पणी की और छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने किशोरी को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक गली में किशोरी का पीछा करते और जबरन उसे पकड़ते हुए दिखाई देता है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी ने उससे अभद्र भाषा में बात की और विरोध करने पर उसे जबरन गोद में उठाकर ले जाने लगा। किशोरी किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भागी और जान बचाने के लिए अपने मामा के घर पहुंची, परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने जांच शुरू की और देर रात आरोपी की घेराबंदी कर ली। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
NGV PRAKASH NEWS
