NGV PRAKASH NEWS

फर्जी मेड़बंदी के नाम पर सरकारी धन का गबन, ग्राम प्रधान की शक्तियां सीज..
बस्ती 19 दिसंबर 25.
जिले के गौर ब्लॉक के अंतर्गत बैदोलिया गांव में सरकारी योजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर धन के गबन का मामला सामने आया है।
जिलाधिकारी के आदेश पर कराई गई जांच में फर्जी मेड़बंदी दर्शाकर सरकारी धन की निकासी किए जाने की पुष्टि हुई है, जिसमें ग्राम प्रधान ममता पाण्डेय की संलिप्तता पाई गई है।
जिलाधिकारी द्वारा कराए गए जांच रिपोर्ट के अनुसार ग्राम प्रधान द्वारा मेड़बंदी का कोई कार्य कराए बिना ही कागजी अभिलेखों में कार्य पूर्ण दर्शा दिया गया | इस फर्जी काम के आधार पर कुल 8 लाख 31 हजार रुपये का भुगतान करा लिया गया। जब प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया तो किसी प्रकार का मेड़बंदी कार्य नहीं मिला, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में पूरी धनराशि की निकासी दर्ज पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने तत्काल प्रभाव से ग्राम प्रधान की सभी प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियां सीज कर दिया।
प्रधान के खिलाफ गबन की गई सरकारी धनराशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाही की भी तैयारी की जा रही है।
प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। जांच के दायरे में आने वाले सभी जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
