दरोगा की हरकतों से डरी महिला सिपाही:दरोगा नें महिला सिपाही से रक्खा दोस्ती का प्रस्ताव..

NGV PRAKASH NEWS

थाने में ही असुरक्षित महसूस कर रही महिला सिपाही, दारोगा पर दोस्ती के नाम पर दबाव और धमकी का आरोप

आगरा, 27 दिसंबर 2025।
आगरा के लोहामंडी सर्किल के एक थाने में तैनात एक दारोगा की कथित हरकतों से एक महिला सिपाही खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। महिला सिपाही ने आरोप लगाया है कि दारोगा ने उससे दोस्ती का प्रस्ताव रखा और बात न मानने पर ड्यूटी में परेशान करने की धमकी भी दी। मामला सामने आने के बाद इंस्पेक्टर ने दारोगा को तलब कर फटकार लगाई और फिलहाल उसे छुट्टी पर भेज दिया गया है, लेकिन पूरे घटनाक्रम की चर्चा पुलिस विभाग में फैल गई है।

प्राप्त समाचार के अनुसार बताया गया है कि महिला सिपाही थाने में सीसीटीएनएस से जुड़ा कार्य देखती है। इसी दौरान संबंधित दारोगा उस पर नजर रखने लगा कि वह कहां जाती है और किससे बात करती है। जब महिला सिपाही को इसकी जानकारी हुई तो उसने नाराजगी जताई, लेकिन इसके बाद दारोगा ने उससे सीधे तौर पर दोस्ती का प्रस्ताव रख दिया। महिला सिपाही ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन दारोगा की हरकतें जारी रहीं।

आरोप है कि जब महिला सिपाही ने प्रस्ताव ठुकराया तो दारोगा ने उसे धमकाते हुए कहा कि अगर उसकी बात मानी तो ड्यूटी आराम से चलती रहेगी, नहीं तो उसे परेशान किया जाएगा। इस रवैये से परेशान होकर महिला सिपाही ने थाने के इंस्पेक्टर से शिकायत की और बताया कि उसे थाने में ही डर लगने लगा है।

इंस्पेक्टर ने महिला सिपाही को भरोसा दिलाया कि उसे कोई परेशान नहीं करेगा और दारोगा को तलब कर कड़ी फटकार लगाई। सूत्रों के अनुसार इंस्पेक्टर ने उसे चेतावनी दी कि अगर उच्चाधिकारियों तक शिकायत पहुंची तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके बाद दारोगा छुट्टी लेकर चला गया।

हालांकि इंस्पेक्टर की ओर से मामले को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन इसके बावजूद यह बात उच्चाधिकारियों तक पहुंच गई। एक अधिकारी ने इस संबंध में इंस्पेक्टर से फोन पर बात भी की, लेकिन इंस्पेक्टर ने अनभिज्ञता जताई। उधर, थाने के अन्य पुलिसकर्मी घटना की पुष्टि कर रहे हैं और कुछ ने अधिकारियों को पूरा घटनाक्रम भी बता दिया है।

मामला चर्चा में आने के बाद महिला सिपाही अब लिखित शिकायत दर्ज कराने पर विचार कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि महिला सुरक्षा के लिए चल रहे अभियानों के बीच अगर महिला कर्मी खुद अपने कार्यस्थल पर असुरक्षित महसूस करें तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता मानी जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *