
NGV PRAKASH NEWS
नैनीताल हाईवे पर ट्रक पलटने से बोलेरो दबकर चालक की मौत, एक घंटे तक जाम
रामपुर 29 दिसंबर 25।
गंज कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। लकड़ी की छिल्लर से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए बोलेरो के ऊपर पलट गया, जिससे बोलेरो बुरी तरह पिचक गई और चालक उसमें दब गया। हादसा पहाड़ी गेट चौराहे के पास शाम करीब पौने पांच बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन बिलासपुर गेट की ओर जा रहे थे। बोलेरो आगे चल रही थी और चौराहे से पहले चालक वाहन मोड़ने लगा, जबकि ट्रक सीधा जा रहा था। अचानक बोलेरो सामने आने पर ट्रक चालक ने बचाने का प्रयास किया, जिससे ट्रक डिवाइडर में घुस गया और डिवाइडर तोड़ते हुए बोलेरो पर पलट गया। ट्रक में लदी लकड़ी की छिल्लर सड़क पर बिखर गई और बोलेरो पूरी तरह ढक गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पर यातायात पुलिस के साथ सिविल लाइंस, गंज और शहर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड और कई एंबुलेंस भी बुला ली गईं। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र और सीओ सिटी जितेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। क्रेन मंगवाकर ट्रक को हटवाया गया और बोलेरो में फंसे चालक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे के कारण करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने सड़क पर फैली लकड़ी की छिल्लर हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस के अनुसार मृत चालक की पहचान शहर के गूजर टोला निवासी फिरासत के रूप में हुई है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। ट्रक रामपुर नंबर का बताया जा रहा है और उसमें क्षमता से अधिक माल लदा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
बताया गया कि जिस बोलेरो में चालक था, वह बिजली विभाग में अनुबंध पर लगी थी और खौद विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसडीओ को आवंटित थी। एसडीओ ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही कार्यभार संभाला है और अवकाश होने के कारण उस दिन वाहन उनके पास नहीं था। वाहन चालक ही सर्विस के लिए गाड़ी लेकर गया था।
हादसे का पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसका वीडियो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
वीडियो में साफ दिखाई पड़ रहा है कि ट्रक आ रहा है और अचानक बोलेरो जो है दाहिने तरफ मुड़ता है तभी ट्रक पहुंच जाता है | बोलेरो को बचाने के चक्कर में ट्रक डिवाइडर पर चढ़ता है और बोलेरो पर पलट जाता है |
NGV PRAKASH NEWS
