उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची आज होगी जारी-ऐसे करें चेक

NGV PRAKASH NEWS

यूपी में ड्राफ्ट मतदाता सूची आज जारी, 2.89 करोड़ नाम कटे, 6 फरवरी तक दावे-आपत्तियां

लखनऊ, 06 जनवरी 2026।
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेंसिव रिविजन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जा रही है। निर्वाचन आयोग दोपहर तीन बजे लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी प्रक्रिया से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा मीडिया के सामने मतदाता सूची में हुए बदलावों की जानकारी देंगे।

👉ड्राफ्ट सूची जारी होते ही प्रदेश के मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम देख सकेंगे। यह सूची आगामी चुनावों की तैयारी के लिहाज से अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसके जरिए यह स्पष्ट होगा कि किसका नाम मतदाता सूची में शामिल है और किसे दावा या आपत्ति दर्ज कराने की जरूरत है। आयोग के सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश में पहले करीब 15 करोड़ 44 लाख मतदाता दर्ज थे, लेकिन पुनरीक्षण के बाद तैयार ड्राफ्ट सूची में लगभग 12 करोड़ 55 लाख मतदाता ही शामिल किए गए हैं। यानी करीब 2 करोड़ 89 लाख नाम सूची से हटाए गए हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार हटाए गए नामों में ऐसे मतदाता शामिल हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जो स्थायी रूप से दूसरे जिले या राज्य में स्थानांतरित हो चुके हैं, जिनका नाम दो स्थानों पर दर्ज था, जिन्होंने गणना प्रपत्र नहीं भरा या जो लंबे समय से दिए गए पते पर नहीं मिले। आयोग का कहना है कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और साफ बनाने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी थी।

👉इस दौरान यह भी सामने आया है कि करीब एक करोड़ मतदाताओं की मैपिंग पूरी नहीं हो सकी। ऐसे मतदाताओं को संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर की ओर से नोटिस भेजा जाएगा। नोटिस मिलने के बाद मतदाता को तय समयसीमा के भीतर अपनी पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। आयोग द्वारा तय 12 वैध दस्तावेजों में से किसी एक की छायाप्रति हस्ताक्षर के साथ जमा करनी होगी, जिसके सत्यापन के बाद नाम फिर से जोड़ा जा सकता है।

ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

👉मतदाता आज से 6 फरवरी तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद 7 फरवरी से 27 फरवरी के बीच उनका निस्तारण किया जाएगा और 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

👉लखनऊ जिले से जुड़े आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा नाम लखनऊ में कटे हैं। यहां करीब 12 लाख नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर होने की बात सामने आ रही है। इनमें लगभग 4.57 लाख मतदाता दिए गए पते पर नहीं मिले, करीब 1.27 लाख की मृत्यु हो चुकी है, 5.39 लाख मतदाता दूसरी विधानसभा या जिले में स्थानांतरित हो गए हैं और कुछ ने गणना प्रपत्र भरने से इनकार किया था।

निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि जिन मतदाताओं या उनके अभिभावकों का नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज था, उन्हें सुरक्षित रखा गया है और उनकी मैपिंग पहले ही पूरी कर ली गई थी। जिनका नाम 2003 की सूची में नहीं मिला, उन्हें दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।

👉ड्राफ्ट सूची अंतिम नहीं होगी।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि दावे और आपत्तियों के बाद संशोधित सूची तैयार की जाएगी और उसी के आधार पर आगामी चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। आज होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर राजनीतिक दलों और आम मतदाताओं की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *