
NGV PRAKASH NEWS
बस्ती के ऊंजी पिपरी गांव में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बस्ती, 06 जनवरी 2026।
जनपद के दुबौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊंजी पिपरी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतका की पहचान दीक्षा सिंह (25) पत्नी गौरव सिंह के रूप में हुई है। पति के अनुसार सोमवार की शाम भोजन करने के बाद वह घर से कुछ दूरी पर स्थित मुर्गी फार्म पर सोने चले गए थे। घर पर उस समय मां, बहन और पत्नी मौजूद थीं। रात करीब साढ़े दस बजे छोटी बहन रिया ने फोन कर बताया कि दीक्षा का फोन बज रहा है लेकिन वह उठा नहीं रही है। इस पर वह तुरंत घर पहुंचे और दरवाजा खोलने का प्रयास किया। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद उन्होंने कमरे में लगे एसी की खिड़की से झांककर देखा तो दीक्षा पंखे से लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर गए और उसे नीचे उतारा।
सूचना मिलने पर यूपी 112 पीआरवी और दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के भाई सागर सिंह, निवासी बरई पारा थाना बखिरा जनपद संतकबीरनगर को भी घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों के अनुसार दीक्षा का विवाह वर्ष 2022 में हुआ था। उसके दो बच्चे हुए थे, लेकिन दोनों की कुछ दिनों बाद मृत्यु हो गई थी।
मामले में थानाध्यक्ष दुबौलिया सुनील गौड़ का कहना है कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

