यहाँ मस्जिद में नमाज पढ़ने को लेकर दो पक्षों में खूब चले ईट-पत्थर, इतने हुए घायल…….

NGV PRAKASH NEWS


सहारनपुर के नागल में मस्जिद में नमाज को लेकर विवाद, ईंट-पत्थरबाजी में बदला, महिला समेत दो घायल

सहारनपुर 7 जनवरी 26।

नागल थाना क्षेत्र के गांव नोजली दनियालपुर में स्थित हाजरा मस्जिद में नमाज अदा करने को लेकर मंगलवार को दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थरबाजी की गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही नागल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करते हुए भीड़ को तितर-बितर कराया।

नोजली दनियालपुर निवासी गुलजार और यूनुस ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव की हाजरा मस्जिद में वर्षों से सभी लोग मिल-जुलकर नमाज अदा करते आ रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में एक पक्ष उन्हें मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोकने लगा। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोग मस्जिद की छत पर चढ़ गए और वहां से नीचे ईंट-पत्थर फेंकने लगे, जिससे अमरीशा गंभीर रूप से घायल हो गई।

वहीं दूसरे पक्ष के इकराम ने आरोप लगाया कि गांव का एक पक्ष मस्जिद की देखरेख और जिम्मेदारी को लेकर उन पर दबाव बना रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजकुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बनी हुई है।

सीओ देवबंद अभितेश सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *